रुद्रपुर/पंतनगर: पंतनगर के टांडा मोड़ स्थित संजय वन के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक भैंस आ जाने से दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दिनेशपुर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार नौ लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से मिलने पर पंतनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
भैंस से टकराने के बाद हुई आमने-सामने की भिड़ंत
पुलिस के अनुसार, फोर्ड कार (UK-04/F-8000) रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, जबकि कार (UP-14/FU-0516) हल्द्वानी से रुद्रपुर लौट रही थी। संजय वन के पास अचानक एक भैंस सड़क पार करने लगी। इससे यूपी नंबर की कार पहले भैंस से टकराई और नियंत्रण खोने के बाद सामने से आ रही फोर्ड कार से भिड़ गई।
हादसे में एक की मौत, नौ घायल
फोर्ड कार में सवार मोहित सडाना (30), शारदा सडाना (26), रुद्र (7) और नंदिनी (2) को मामूली चोटें आई हैं।
वहीं दूसरी कार में सवार संतोष राम (40), संतोष अग्निहोत्री (51), रक्षपाल सिंह (45), आनंद जय सिंह और विनोद मिगलानी (48) घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने 112 वाहन की सहायता से निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक, दिनेशपुर निवासी विनोद मिगलानी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर की मोर्चरी में रखवाया गया है।
कैंची धाम से लौटते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दूसरी कार में सवार सभी लोग कैंची धाम मंदिर से दर्शन कर रुद्रपुर लौट रहे थे। इसी दौरान संजय वन के पास यह हादसा हो गया।
थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।