रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपी के नाम पर संचालित छह बैंक खातों के जरिए 80 लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम का लेनदेन सामने आया है। इन बैंक खातों से देश के आठ राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें जुड़ी मिली हैं। आरोपी लोगों को लॉटरी और इनाम जीतने का झांसा देकर ठगी करता था।


पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे एक बैंक खाते की जानकारी प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। संबंधित खाते की जांच करने पर देश के विभिन्न राज्यों में इसके खिलाफ 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली। इसके बाद मंगलौर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक खाते से जुड़े दस्तावेजों और खाताधारक की जानकारी जुटाई। जांच में आकाश कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसके नाम पर संचालित अन्य बैंक खातों की भी जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि आरोपी के नाम पर कुल छह बैंक खाते थे। इन खातों से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज पाई गईं। पुलिस के मुताबिक, इन खातों में 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी से संबंधित रकम का लेनदेन हुआ है।
ऐसे लोगों को बनाता था ठगी का शिकार
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी लोगों को फोन कॉल और अन्य माध्यमों से संपर्क कर लॉटरी निकलने या बड़ा इनाम जीतने का झांसा देता था। इसके बाद इनाम की रकम प्राप्त करने के नाम पर लोगों से पैसे अपने बताए बैंक खातों में जमा करवाता था। ठगी की रकम खाते में पहुंचने के बाद उसे एटीएम के जरिए निकाला जाता था या दूसरे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस तरह रकम को अलग-अलग खातों के माध्यम से आगे पहुंचाया जाता था।
छह बैंक पासबुक और छह एटीएम कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन की जांच के साथ ही पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन का ब्योरा खंगाल रही है। इसके अलावा ठगी की रकम प्राप्त करने वाले अन्य खाताधारकों और नेटवर्क से जुड़े संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि मंगलौर पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज होने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
– नवनीत सिंह, एसएसपी हरिद्वार