बाजपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में कथित लकड़ी तस्करी को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। दाबका क्षेत्र में हुए विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

निजी रास्ते से लकड़ी ले जाने का किया था विरोध
गोबरा गांव निवासी मनदीप सिंह (28) के अनुसार, दो दिन पहले कुछ लोग उनके निजी रास्ते से बाइक पर कथित रूप से तस्करी की लकड़ी ले जा रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धमकी दी। मनदीप का कहना है कि इस संबंध में बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
खेत में हुआ विवाद, चली गोली
रविवार शाम मनदीप सिंह अपने खेत की ओर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान दाबका क्षेत्र के कुछ युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
शोर सुनकर मनदीप के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई। गोली मनदीप सिंह की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
घायल मनदीप सिंह को परिजन और ग्रामीण निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल नरेश चौहान, बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र खड़ायत और एसआई देवेंद्र मनराल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पहले दी थी धमकी की शिकायत
घायल युवक का आरोप है कि फायरिंग की घटना से दो दिन पहले मिली धमकी की जानकारी पुलिस को दी गई थी। उनका कहना है कि यदि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की जाती, तो इस घटना को रोका जा सकता था। पुलिस ने बताया कि इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है और मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।