रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में गाय के मालिकाना हक को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसक संघर्ष में बदल गया। गंगापुर रोड पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लाठी-डंडे और पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बीच सड़क हुई इस घटना से राहगीरों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गड्डा कॉलोनी का एक युवक गाय को लेकर जा रहा था। इसी दौरान बगवाड़ा निवासी कुछ सिख युवकों ने गाय पर अपना मालिकाना हक जताते हुए उसे रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
लाठी-डंडों और पत्थरों से हुआ हमला
विवाद बढ़ने के साथ दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इस दौरान एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। अचानक हुए बवाल से गंगापुर रोड पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। राहगीर अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर विवाद शांत कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि झड़प में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।