बाजपुर: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला बाजपुर में सामने आया है। यूरोप भेजने का झांसा देकर तीन युवकों को दुबई भेजने और शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित परिवार ने बुधवार को बाजपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लोगों ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले में जवाब भी मांगा।

ग्राम इटव्वा निवासी प्रेमो कौर ने आरोप लगाया कि काशीपुर के एक ट्रैवल एजेंट ने उनके परिवार के तीन युवकों को यूरोप में रोजगार दिलाने का भरोसा दिया था। इसके लिए एजेंट ने तय रकम भी वसूल ली, लेकिन बाद में युवकों को यूरोप भेजने के बजाय दुबई भेज दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि एजेंट ने युवकों के मूल दस्तावेज अपने पास रख लिए हैं और उन्हें वापस नहीं कर रहा।
दस्तावेज मांगने पर दी धमकी
प्रेमो कौर का कहना है कि जब एजेंट से दस्तावेज लौटाने और पूरे मामले का विरोध किया गया तो उसने कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
पीड़िता के अनुसार उन्होंने 5 जुलाई को बाजपुर कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसी के चलते बुधवार को बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और वहां मौजूद एसआई देवेंद्र मनराल से मामले में कार्रवाई की मांग की।
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाल नरेश चौहान मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बलवीर सिंह कालू, महेंद्र सिंह, जसपाल सिंह बिल्लू सहित कई स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मौजूद रहे। अब पूरे मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।