रुद्रपुर: उत्तराखंड के औद्योगिक नगर रुद्रपुर में बुधवार से इंडसटेक रुद्रपुर इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन-2026 के 35वें संस्करण का आगाज हो गया। रामपुर रोड हाईवे स्थित एक होटल में शुरू हुई तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में देश के आठ राज्यों की 150 से अधिक अग्रणी औद्योगिक कंपनियां भाग ले रही हैं। उद्योग जगत की नई तकनीकों, आधुनिक मशीनों और नवाचारों को एक मंच पर लाने वाला यह आयोजन कारोबार और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की नामी कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। अगले तीन दिनों में यहां 1,200 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों और 5,000 से ज्यादा व्यापारिक एवं औद्योगिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है।
हाईटेक मशीनों और रोबोटिक्स ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली अत्याधुनिक तकनीकों और आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया है। इसमें सीएनसी मशीनें, मशीन टूल्स, वेल्डिंग एवं कटिंग सिस्टम, रोबोटिक्स और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, न्यूमेटिक एवं हाइड्रोलिक उपकरण, प्रदूषण नियंत्रण तकनीक, इलेक्ट्रिकल और सोलर प्रोडक्ट्स, इंडस्ट्रियल लाइटिंग, मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट, जनरेटर, कंप्रेसर और पावर टूल्स प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।
विशेष रूप से कंप्यूटर नियंत्रित रोबोटिक मशीनों ने उद्योगपतियों और तकनीकी विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया। माना जा रहा है कि ये आधुनिक तकनीकें उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ उद्योगों की कार्यकुशलता और गुणवत्ता में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
विधायक शिव अरोरा ने किया उद्घाटन
प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उद्योगों को वैश्विक तकनीकी बदलावों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इससे उद्योगों को नई तकनीकों को अपनाने, कारोबार बढ़ाने और निवेश के नए अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह एग्जीबिशन उद्योगपतियों, निर्माताओं, इंजीनियरों, खरीद विभागों और तकनीकी विशेषज्ञों को विभिन्न कंपनियों के उत्पादों और तकनीकों की तुलना करने के साथ-साथ बेहतर व्यावसायिक साझेदारी विकसित करने का अवसर भी प्रदान करेगा।
औद्योगिक विकास को मिलेगा नया आयाम
इंडसटेक इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन-2026 को उत्तराखंड के औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस मंच के माध्यम से स्थानीय उद्योगों को नई तकनीकों की जानकारी मिलने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों के साथ सहयोग और व्यापार विस्तार के नए रास्ते खुलेंगे।