रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राएं अचानक लापता हो गई हैं। यह घटना 22 मई को सुबह हुई, जब छात्राएं स्कूल की छुट्टी के बाद बिना किसी को बताए घर नहीं लौटीं।

राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी और उसकी दो सहेलियां, जो क्रमशः 13 और 11 वर्ष की हैं, ट्रांजिट कैंप स्थित निजी स्कूल में कक्षा आठ की छात्राएं हैं। छुट्टी के समय छात्राएं स्कूल ड्रेस में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट और क्रीम पैंट शामिल है।
परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर टीमों को भेजकर छात्राओं की तलाश कर रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत ट्रांजिट कैंप थाना को सूचित करें, ताकि बच्चियों को सुरक्षित ढूंढा जा सके|