दून मेडिकल कॉलेज की मेस में बुधवार रात परोसी गई सफेद मटर की सब्जी में कीड़े मिलने से छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद छात्रों ने मेस प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, डिनर के दौरान कुछ छात्रों ने सब्जी में काले कीड़े देखे। शुरुआत में इन्हें कई छात्रों ने जीरा समझकर खा लिया। इस घटना के बाद करीब 20 छात्रों को हल्की उल्टियां हुईं, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई।
घटना के बाद छात्रों ने मेस में हंगामा किया। मेस संचालक ने तुरंत नई सब्जी बनवाई, जिससे स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हुई। लेकिन शुक्रवार को छात्रों को नाश्ते में भी मेस का खाना नहीं मिला और गेट बंद होने के कारण उन्हें बाहर जाकर भोजन करना पड़ा।
कॉलेज प्रशासन से संपर्क करने पर प्राचार्य डॉ. गीता जैन का फोन बंद पाया गया। वहीं, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। निदेशक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि छात्रों की सेहत के लिए ऐसी लापरवाही खतरनाक है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने कॉलेज मेस की सफाई और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों ने नियमित निरीक्षण और मेस व्यवस्था में सुधार की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।