रुद्रपुर: देश में लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल के आह्वान पर आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल और दैनिक जरूरत की चीजों के दामों में वृद्धि से आम आदमी की कमर टूट रही है।
जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा और जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा। वहीं महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने कहा कि पार्टी आम जनता के हितों के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी और जब तक महंगाई पर लगाम नहीं लगती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
