नैनीताल। Nainital में कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री सचिव Deepak Rawat ने एसडीएम-तहसील कार्यालय और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं और प्रशासनिक लापरवाहियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

लंबित प्रकरणों पर कड़ी नाराजगी
निरीक्षण में धारा 229-बी के तहत कई मामले 15-20 वर्षों से लंबित पाए गए। इस पर कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने एसडीएम को साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। वहीं धारा 176 से जुड़े मामलों में आदेश जारी होने के बावजूद कार्रवाई न करने वाले पटवारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
रिकॉर्ड प्रबंधन में गंभीर खामियां
धारा 143 से संबंधित मामलों की जानकारी देने में राजस्व कर्मियों की लापरवाही सामने आई। अभिलेखों का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर कमिश्नर ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व निरीक्षकों और उप निरीक्षकों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए।
समाधान तक जारी रहेगा कार्य
कमिश्नर दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों का पूर्ण निस्तारण होने तक कार्यालयों में कार्य निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही देरी के कारणों की विस्तृत जांच रिपोर्ट भी तैयार करने को कहा गया।
सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी कई खामियां उजागर हुईं। रजिस्ट्री के बाद दस्तावेजों की प्राप्ति दर्ज करने के लिए उचित व्यवस्था नहीं मिली और कई आवश्यक अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं थे। इस पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए भविष्य में सुधार के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सौरभ असवाल, प्रशिक्षु आईएएस दिव्यांशु मीणा, एसडीएम नवाजिश खलीक, तहसीलदार अक्षत कुमार भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।