ऋषिकेश/देहरादून। मौसम में सुधार के बाद पिछले दो दिनों से स्थगित चारधाम यात्रा सोमवार को फिर शुरू कर दी गई। चारधाम यात्रा नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर यात्रा पर लगी रोक हटा दी गई है। इसके साथ ही यात्रियों को चारधाम की ओर जाने की अनुमति प्रदान कर दी गई।

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
बारिश का मौसम बने रहने को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों और तहसील प्रशासन को चारधाम यात्रा को नियमित और निर्बाध रूप से संचालित कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
संबंधित विभागों और यात्रा नोडल अधिकारियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा है।
प्रदेश में 123 सड़कें बंद
बारिश के कारण प्रदेश में सड़क बंद होने की समस्या भी बनी हुई है। राज्य में कुल 123 सड़कें बंद हैं, जिनमें 79 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। सड़क बंद होने से कई क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलेवार स्थिति की बात करें तो पौड़ी में सबसे अधिक 27 मार्ग बंद हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा में 20, बागेश्वर में 2, चमोली में 14, चंपावत में 1, देहरादून में 6, नैनीताल में 22, पिथौरागढ़ में 13, रुद्रप्रयाग में 4, टिहरी में 8 और उत्तरकाशी में 6 मार्ग बंद बताए गए हैं।
प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम और मार्गों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।