देहरादून। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) के लिए अब अलग-अलग कैडर गठित किए जाएंगे। कैडर गठन के प्रस्ताव को कार्मिक एवं वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है। अब इसे कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
एससीईआरटी निदेशक बंदना गर्ब्याल के मुताबिक, एससीईआरटी और डायट के अलग-अलग कैडर के लिए तैयार ड्राफ्ट को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रस्ताव में पूर्व में उठाई गई आपत्तियों का भी निस्तारण किया जा चुका है।

माध्यमिक शिक्षा विभाग से नहीं होगी प्रतिनियुक्ति
फिलहाल एससीईआरटी और डायट में माध्यमिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों को स्थानांतरण या तैनाती के माध्यम से भेजा जाता है। इससे माध्यमिक शिक्षा विभाग में पहले से मौजूद शिक्षकों की कमी पर भी असर पड़ता है। विभाग में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए चार हजार से अधिक अतिथि शिक्षकों की तैनाती की गई है।
अलग कैडर बनने के बाद एससीईआरटी और डायट में शिक्षकों एवं अधिकारियों की तैनाती के लिए अलग व्यवस्था होगी। इन पदों पर भर्ती के लिए अलग नियमावली तैयार की जाएगी।
एससीईआरटी में होंगे प्रोफेसर से निदेशक तक के पद
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत एससीईआरटी के अकादमिक ढांचे में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पद शामिल होंगे। इसके अलावा अपर निदेशक और निदेशक के पद भी प्रस्तावित हैं।
वहीं, डायट में प्रवक्ता, उप प्राचार्य और प्राचार्य के पद होंगे। डायट में पूरी तरह अकादमिक संवर्ग के अधिकारियों और शिक्षकों की तैनाती की व्यवस्था प्रस्तावित है, जबकि एससीईआरटी में प्रशासनिक संवर्ग के अधिकारियों के पद निर्धारित किए जाएंगे।
अलग नियमावली से होगी भर्ती
नए कैडर के गठन के बाद एससीईआरटी और डायट में नियुक्तियों के लिए अलग नियमावली बनाई जाएगी। इसके तहत संबंधित पदों पर भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। इससे दोनों संस्थानों के लिए अलग मानव संसाधन व्यवस्था विकसित होने की उम्मीद है।
एससीईआरटी निदेशक बंदना गर्ब्याल ने कहा कि एससीईआरटी और डायट के अलग कैडर के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। पूर्व में आई आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। अब प्रस्ताव को कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।