काशीपुर: शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित हाईवे चौड़ीकरण परियोजना पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को लोक निर्माण विभाग (PWD), जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने डीडी चौक से गावा चौक तक पहुंचकर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के सामने संकेतिक मार्किंग की गई और कई स्थानों पर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया गया।

करीब 13.72 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना के तहत हाईवे के लगभग एक किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इस प्रक्रिया में करीब 56 दुकानदार प्रभावित होंगे।
बिजली-पानी की लाइनें भी होंगी शिफ्ट
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद जल संस्थान पेयजल पाइपलाइन को दूसरी जगह स्थानांतरित करेगा। वहीं, ऊर्जा निगम बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों को हटाने का कार्य करेगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद चौड़ीकरण परियोजना तेजी से आगे बढ़ेगी। विभाग के अनुसार, यूटिलिटी शिफ्टिंग के कारण यह योजना लंबे समय से लंबित थी।
कार्रवाई का व्यापारियों ने किया विरोध
हाईवे चौड़ीकरण को लेकर शुरू हुई कार्रवाई का स्थानीय व्यापारियों ने विरोध जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि त्योहारों के मौसम में इस तरह की कार्रवाई से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होगा और उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की।
समयबद्ध तरीके से पूरा होगा प्रोजेक्ट
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाईवे चौड़ीकरण परियोजना शहर के विकास और यातायात सुधार के लिए आवश्यक है। सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या कम होगी और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों ने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।