उधम सिंह नगर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सायंकालीन पैदल गश्त कर पुलिस की मौजूदगी को और प्रभावी बनाया और वाहन गश्त की बजाय पैदल गश्त को प्राथमिकता देते हुए ईंधन बचत अभियान को भी प्रोत्साहित किया।

एसएसपी के नेतृत्व में कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र, मुख्य बाजार, रम्पुरा समेत अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और अपराधियों में डर पैदा करना है।

गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई। एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्ततम कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।