Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान में लूट और अपहरण के मामले में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 12 वर्षों से फरार था और देहरादून में पहचान छिपाकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यह सफलता मिली। सूचना मिली थी कि राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दर्ज गंभीर मामले में वांछित आरोपी देहरादून में रह रहा है।
गोपनीय सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी देवेश मोर्या को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2014 में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर एलआईसी एजेंट बनकर एक व्यक्ति को झांसे में लिया। मिलने के बहाने बुलाकर उसने रिवॉल्वर के दम पर उसका अपहरण किया और उसकी कार व नकदी लूटकर फरार हो गया था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया गया है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।