रुद्रपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से महापौर Vikas Sharma ने आज अग्रसेन चौक स्थित श्रमिक अड्डे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों एवं श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि लंबे समय से अग्रसेन चौक पर संचालित श्रमिक अड्डे के कारण क्षेत्र में यातायात दबाव बढ़ रहा था, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। इस स्थिति को देखते हुए महापौर ने श्रमिक अड्डे को नगर निगम के पास स्थित खाली भूखंड पर अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।

महापौर ने कहा कि नए स्थान पर श्रमिकों के लिए शेड, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही सभी श्रमिकों का सत्यापन कर नगर निगम द्वारा पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, ताकि उनकी पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य एक ओर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है, वहीं दूसरी ओर श्रमिक भाइयों को सुरक्षित और व्यवस्थित कार्यस्थल उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है।
इस मौके पर एसडीएम मनीष बिष्ट, सीओ डी.आर. वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री तरुण दत्ता, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।