सोशल मीडिया पर हाल ही में चर्चा में रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party) का एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट अब भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुद यह जानकारी साझा की और स्क्रीनशॉट के जरिए बताया कि अकाउंट भारत में “withheld” यानी प्रतिबंधित कर दिया गया है।

कॉकरोच जनता पार्टी एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक अभियान के रूप में शुरू हुई थी और खासतौर पर Gen Z युवाओं में तेजी से लोकप्रिय हुई। पार्टी खुद को “Voice of Lazy and Unemployed” जैसे नारों के माध्यम से पेश करती है और बेरोजगारी, राजनीतिक विमर्श और युवाओं की अनदेखी जैसे मुद्दों को सोशल मीडिया पर उठाती रही है।

अभिजीत दीपके पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम का हिस्सा रहे हैं और बाद में उन्होंने अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई की। उन्होंने कहा था कि यह आंदोलन युवाओं की निराशा और राजनीतिक व्यवस्था से असंतोष का प्रतीक बन चुका है।
अकाउंट ब्लॉक होने के बाद सोशल मीडिया पर इस पार्टी को लेकर बहस और तेज हो गई है। कुछ लोग इसे युवाओं की सशक्त आवाज मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे केवल इंटरनेट ट्रेंड के रूप में देख रहे हैं।