देहरादून: उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत मंगलवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष रेल यात्रा का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस विशेष यात्रा में 720 श्रद्धालु सोमनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। सरकार की ओर से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
यात्रा के दौरान मिलेंगी ये सुविधाएं
श्रद्धालुओं को पूरी यात्रा के दौरान सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, स्वच्छ पेयजल, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
संस्कृति विभाग की विशेष पहल
उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित यह विशेष यात्रा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। सरकार का कहना है कि इस तरह की धार्मिक यात्राएं प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।