

सात हजार करोड़ का अनुपूरक बजट होगा पेश
विधानसभा सत्र के दौरान धामी सरकार करीब सात हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। इसके अलावा कई विधेयक और विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। सत्र को लेकर सरकार ने विपक्ष के सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति तैयार की है।
वहीं, विपक्ष ने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की है। कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक सदन के भीतर भी विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे।
विधायकों ने पूछे 430 से अधिक सवाल
सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक 430 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हो चुके हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कारण पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सदन में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
विधानसभा सचिव ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ विधानसभा सचिवालय के कई अधिकारी भी गैरसैंण पहुंच चुके हैं। सोमवार को मंत्रियों, विधायकों और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने के साथ ही सत्र से जुड़ी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच जाएंगी।
दो दिवसीय सत्र के दौरान अनुपूरक बजट, विधायी कार्यों और प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के बीच चर्चा होने की संभावना है।