

20 अक्टूबर को मिला था अज्ञात युवक का शव
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह सेवला खुर्द स्थित राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआती जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार 72 घंटे तक शव की शिनाख्त का इंतजार किया। पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज सामने आने के बाद युवक की मौत से जुड़ी घटनाओं की कड़ियां जुड़ने लगीं।
पहले धक्का देकर गिराया, फिर की मारपीट
उपनिरीक्षक जयवीर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर एक साथ जाते दिखाई दिए। इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति ने अपने साथ चल रहे युवक को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा।
इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने युवक के साथ मारपीट की, जबकि दूसरा साथी पास में खड़ा रहा। कुछ देर बाद दोनों युवक उसे वहीं छोड़कर चले गए। हालांकि, थोड़ी देर बाद वे दोबारा घटनास्थल पर लौटे और युवक को हिलाकर देखा। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए।
गैर-इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि धक्का देने और मारपीट की घटना के कारण युवक की मौत हुई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। धारा 105 गैर-इरादतन हत्या से संबंधित है, जबकि धारा 3(5) एक समान आशय से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कृत्य से जुड़ी है।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही, मृतक की पहचान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, मामले में आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि होना बाकी है।