उत्तराखंड: दावत बनी मौत का जाल! बुलाकर युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; 4 आरोपी नामजद
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में एक युवक की कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को दावत के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

फोन कर दावत के बहाने बुलाया
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे पुरकाजी निवासी सुमित ने सौरभ को फोन कर दावत में आने के लिए बुलाया। सौरभ अपने दो दोस्तों डिंपल और आशीष के साथ सुमित की मोटरसाइकिल पर बैठकर नहर किनारे स्थित राजा ईंट भट्ठे के पीछे पहुंचा।
पहले से घात लगाए बैठे थे आरोपी
शिकायत के मुताबिक, सौरभ के वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद अनुज, रोबिन और प्रद्युम्न मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बिना किसी बातचीत के प्रद्युम्न ने तमंचे से सौरभ पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में नहीं बच सकी जान
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद सौरभ को गंभीर हालत में तत्काल पुरकाजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज
मृतक के पिता राजेंद्र, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर जाट, की शिकायत पर पुलिस ने सुमित, अनुज, रोबिन और प्रद्युम्न के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के पीछे की वजह का भी खुलासा किया जाएगा।