उत्तराखंड चुनाव 2027: दिल्ली में आज BJP कोर कमेटी की अहम बैठक, धामी-भट्ट समेत दिग्गज करेंगे चुनावी रणनीति पर मंथन
नई दिल्ली: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे और आगामी चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति पर मंथन करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में चुनावी अभियान की रूपरेखा, संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी का फोकस प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाकर चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर रहेगा।
कोर कमेटी की बैठक के बाद संगठनात्मक बैठक भी होगी, जिसमें विस्तारक योजना को तेजी से लागू करने पर जोर दिया जाएगा। इस योजना के तहत कार्यकर्ताओं को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा, ताकि पार्टी की नीतियां और सरकार की उपलब्धियां सीधे जनता तक पहुंच सकें।
भाजपा ने चुनावी तैयारियों के तहत जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन का खाका भी तैयार कर लिया है। प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों के सांसद अपने-अपने क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में विधानसभा स्तर की तैयारियों, संगठन की स्थिति और स्थानीय मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।
दूसरी ओर, युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए ‘युवा संवाद’ अभियान भी पूरे प्रदेश में जारी है। भाजपा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और नए मतदाताओं तक पहुंच बनाकर उन्हें पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों से जोड़ना है।
पार्टी नेताओं का मानना है कि मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और बूथ स्तर की सटीक रणनीति ही चुनावी सफलता की कुंजी होगी। ऐसे में दिल्ली में होने वाली यह बैठक उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।