रुद्रपुर: शहर के भगत सिंह चौक के पास आर्य समाज मंदिर वाली गली में स्थित श्रृंगार बुटीक में रविवार देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बुटीक के बेसमेंट से उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के अनुसार, यह बुटीक शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप डोगरा की पत्नी शैलजा डोगरा संचालित करती हैं। आग लगने से बेसमेंट में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और उसे पूरे शोरूम में फैलने से रोक दिया गया। यदि कुछ देर और हो जाती, तो आग विकराल रूप ले सकती थी और नुकसान कई गुना अधिक हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शहर के समाजसेवी संजय ठुकराल भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य तकनीकी कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर पहुंची दमकल टीम ने एक बड़े हादसे और भारी नुकसान को टाल दिया।