
![]()
सांवल्दे गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रामनगर के बम्बाघेर निवासी दीपक मसी देर रात बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सांवल्दे गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गई। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। इसे कानिया गांव निवासी 25 वर्षीय दीपक आर्या चला रहा था। उसके साथ कानिया निवासी 26 वर्षीय पूजा और नैनीताल के ज्योलीकोट निवासी 20 वर्षीय दिव्या भी मौजूद थीं।
बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां हादसे वाले मार्ग पर स्थित एक रिसॉर्ट में काम करती हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक की मौत, तीन घायलों को हायर सेंटर रेफर किया
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक आर्या, पूजा और दिव्या की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय की चिकित्सक डॉ. सारिका के अनुसार, दुर्घटना के बाद चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 55 वर्षीय दीपक मसी की पहले ही मौत हो चुकी थी। अन्य तीनों घायलों के सिर में चोटें आई थीं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन और न्यूरोसर्जरी विभाग में उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। चिकित्सक ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। उधर, पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि बाइक और स्कूटी की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे की वजह क्या रही।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।