कांवड़ यात्रा के बीच तनाव: कार की टक्कर से टूटी कांवड़, गुस्साए कांवड़ियों ने जमकर की तोड़फोड़
रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक हादसे ने कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बना दिया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए की कांवड़ को कथित तौर पर पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कांवड़ खंडित होने से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया और गुस्साई भीड़ ने कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।
![]()
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक ढाबे के समीप हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कांवड़ खंडित होने की खबर फैलते ही आसपास मौजूद बड़ी संख्या में कांवड़िए मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ ने कार को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।
हालात बिगड़ते देख मंगलौर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को और अधिक बिगड़ने से रोक लिया गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष कांवड़ यात्रा से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, जबकि सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी माध्यमों से पूरे रूट पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में है और हरिद्वार से लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वहीं, मंगलौर की इस घटना ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और संयम बनाए रखने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।