देहरादून: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 6 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत कुछ अधिकारियों से विभागों का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
![]()

नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस
आईएएस नितेश कुमार झा की जिम्मेदारियों में कटौती की गई है। अब तक सचिव शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे नितेश कुमार झा से सचिव पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। अब उनके पास केवल सचिव शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।

सी. रविशंकर को सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार
आईएएस सी. रविशंकर की जिम्मेदारियों में इजाफा किया गया है। वर्तमान में सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे सी. रविशंकर को सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
युगल किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग वापस
आईएएस युगल किशोर पंत की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। वर्तमान में सचिव संस्कृति, सैनिक कल्याण एवं सचिवालय प्रशासन विभाग के साथ महानिदेशक संस्कृति की जिम्मेदारी संभाल रहे युगल किशोर पंत से सचिव सैनिक कल्याण विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है।
उमेश नारायण को पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी
आईएएस उमेश नारायण की जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी की गई है। वर्तमान में सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग तथा निदेशक उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण, जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण की जिम्मेदारी संभाल रहे उमेश नारायण को सचिव पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
विनीत कुमार को अल्पसंख्यक कल्याण की अतिरिक्त जिम्मेदारी
आईएएस विनीत कुमार को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वर्तमान में अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे विनीत कुमार अब निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का कार्यभार भी संभालेंगे।
दीप्ति सिंह से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस
आईएएस दीप्ति सिंह के कार्यभार में कटौती की गई है। अब तक निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी संभाल रहीं दीप्ति सिंह से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और निगम का प्रभार वापस ले लिया गया है। अब उनके पास निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी रहेगी।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन की ओर से जारी आदेश में अपर सचिव नवनीत पांडे ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले विभागों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। इसके साथ ही नई जिम्मेदारियां संभालने के बाद इसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।