श्रीनगर। कलियासौड़ स्थित मां धारी देवी मंदिर की सुरक्षा के लिए प्रस्तावित आरसीसी सुरक्षा दीवार का निर्माण नवरात्र के दौरान शुरू करने की तैयारी है। मंदिर समिति की बैठक में अक्तूबर के प्रथम सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू कराने पर सहमति बनी है।
मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पांडे ने बताया कि करीब दो करोड़ रुपये की लागत से 613 मीटर लंबी आरसीसी सुरक्षा दीवार का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण के लिए मंदिर समिति पिछले करीब एक वर्ष से विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमति लेने की प्रक्रिया में जुटी थी। अनुमति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।


श्रद्धालुओं और दानदाताओं से लिया जाएगा सहयोग
लक्ष्मी प्रसाद पांडे के अनुसार, बारिश कम होने के बाद नवरात्र के दौरान अक्तूबर के प्रथम सप्ताह से निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए श्रद्धालुओं और दानदाताओं से आर्थिक सहयोग लिया जाएगा।
वहीं, प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य में तकनीकी सहयोग और निगरानी उपलब्ध कराई जाएगी। मंदिर समिति ने सुरक्षा दीवार का निर्माण अगले वर्ष मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
आरसीसी सुरक्षा दीवार के निर्माण का उद्देश्य मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। निर्माण शुरू होने के बाद कार्य की प्रगति पर मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से निगरानी रखी जाएगी।