हल्द्वानी: बनभूलपुरा क्षेत्र के एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान अचानक हड़कंप मच गया। परीक्षा के बीच एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद कॉलेज में भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई। इससे परीक्षा दे रही छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया। कई छात्राएं डर के कारण रोने लगीं। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने छात्राओं को शांत कराया और एहतियातन कॉलेज में छुट्टी कर दी।

छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, कॉलेज में कक्षा 10वीं और 11वीं की एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। इसी दौरान एक छात्रा अचानक चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास बैठी छात्राएं घबरा गईं और परीक्षा कक्ष में अफरा-तफरी मच गई।
कुछ ही देर में कॉलेज परिसर में भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह फैल गई। अफवाह के चलते कई छात्राएं डर गईं और कुछ छात्राएं रोने लगीं। देखते ही देखते अन्य कक्षाओं में भी दहशत का माहौल बन गया।
प्रशासन ने छात्राओं को समझाकर कराया शांत
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन और शिक्षक मौके पर पहुंचे। छात्राओं को समझाकर शांत कराया गया और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कॉलेज में छुट्टी घोषित कर दी।
स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने की शिकायत सामने आई थी। उन्होंने भूत-प्रेत से जुड़ी बातों को पूरी तरह अफवाह बताया। उनके मुताबिक, प्रशासन ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया और बाद में माहौल सामान्य हो गया।
भूत-प्रेत की घटना से प्रशासन का इनकार
यूनिट टेस्ट के दौरान छात्रा के चीखने के बाद फैली अफवाह से कॉलेज में कुछ देर के लिए डर का माहौल जरूर बना, लेकिन स्कूल प्रशासन ने भूत-प्रेत से जुड़ी किसी भी घटना से इनकार किया है। फिलहाल छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन की प्राथमिकता छात्राओं की सुरक्षा और स्थिति को सामान्य बनाए रखना है।