Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
सितारगंज। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा शहदौरा में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विभिन्न आंतरिक मार्गों और वन चेक पोस्ट मार्ग के पुनर्निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर कुल ₹95.73 लाख की लागत आएगी।

इस दौरान मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनने वाली ये सड़कें क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी और ग्रामीणों के लिए आवागमन को अधिक सुगम व सुरक्षित बनाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। मंत्री ने क्षेत्र की जनता से संवाद करते हुए उनके सहयोग और विश्वास के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास और समर्थन ही उन्हें जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिन्होंने विकास कार्यों के प्रति खुशी और संतोष व्यक्त किया।