रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में वार्ड नंबर 25, संजय नगर खेड़ा में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। महापौर विकास शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, क्षेत्रवासियों की करीब 15 वर्षों पुरानी मांग को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम की ओर से लगभग 25 लाख रुपये और 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया गया।

इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती प्रियंका गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता और क्षेत्र की मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी की उपस्थिति में पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि संजय नगर खेड़ा सहित पूरे शहर के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्य तेजी से जारी रहेंगे।