देहरादून। उत्तराखण्ड में पर्यटन क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘टूरिज्म स्किलिंग कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भाग लिया। यह कार्यक्रम उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद् और उत्तराखण्ड कौशल विकास मिशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।

सम्मेलन में पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न हितधारकों को प्रशिक्षित करने और उन्हें अधिक सक्षम बनाने पर जोर दिया गया। खासतौर पर चार धाम यात्रा के बढ़ते दायरे और राज्य में पर्यटन के विस्तार को देखते हुए युवाओं के कौशल विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस मौके पर सौरभ बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन अपार संभावनाओं से भरा हुआ क्षेत्र है, जो युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा करते हुए पर्यटन क्षेत्र में स्किल बेस्ड ट्रेनिंग को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। इस कॉन्फ्रेंस के जरिए राज्य में पर्यटन विकास और रोजगार सृजन को नई गति देने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
