Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
उत्तराखंड के हल्द्वानी में विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बेतालघाट में तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल दीपक सामंत को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कॉन्स्टेबल पर एक खनन कारोबारी से कार्रवाई में राहत देने के बदले 65 हजार रुपये की मांग करने का आरोप था।

जानकारी के मुताबिक, कारोबारी लगातार हो रही रिश्वतखोरी से परेशान था, जिसके बाद उसने विजिलेंस विभाग से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद आरोप सही पाए गए और विजिलेंस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप बिछाया।
योजना के तहत शिकायतकर्ता को 45 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेकर कॉन्स्टेबल के पास भेजा गया। जैसे ही दीपक सामंत ने पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। विजिलेंस विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि कहीं वह पहले भी ऐसे भ्रष्टाचार या अवैध वसूली के मामलों में शामिल तो नहीं रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी दीपक सामंत खटीमा के चकरपुर क्षेत्र का रहने वाला है।
विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 1064 या हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में हाल के दिनों में विजिलेंस विभाग लगातार भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। हल्द्वानी की यह कार्रवाई भी उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।