ऋषिकेश, उत्तराखंड: योगनगरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम को उज्जैनी एक्सप्रेस के शंटिंग के दौरान बड़ा हादसा हुआ। वॉशिंग लाइन में ट्रेन शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और एंड पॉइंट पर बफर स्टॉप से टकरा गई, जिससे इंजन के पीछे लगे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।

उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंची थी और यह 19 मई की सुबह उज्जैन के लिए रवाना होने वाली थी। ट्रेन को वॉशिंग लाइन में शंटिंग के लिए ले जाया जा रहा था, इसी दौरान ट्रेन अचानक तेज रफ्तार से आगे बढ़ी और हादसा हो गया।
घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और स्टेशन पर मौजूद कर्मचारी घटनास्थल पर दौड़े। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि किसी भी यात्री या स्टाफ के घायल होने की सूचना नहीं मिली है, क्योंकि हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारण योगनगरी-रायवाला मुख्य ट्रैक प्रभावित नहीं हुआ, और सामान्य रेल सेवा जारी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तकनीकी खराबी या मानवीय लापरवाही बताया जा रहा है। रेलवे की तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी।