रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर: रुद्रपुर की बेटी जसमीत कौर ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद रुद्रपुर स्थित आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

जसमीत कौर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्य पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर से प्राप्त की और इसके बाद होली चाइल्ड स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली में स्नातक की डिग्री हासिल की। बचपन से ही मेधावी रही जसमीत ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा नौवीं कक्षा में उन्होंने अबेकस प्रतियोगिता में उत्तराखंड अवार्ड भी जीता था।

जसमीत कौर ने बताया कि यह उनका दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास में उनका चयन समाज कल्याण अधिकारी के पद पर हुआ था, और वर्तमान में उनकी तैनाती बागेश्वर में जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में है। इसके बावजूद उन्होंने पीसीएस परीक्षा की तैयारी जारी रखी और इस बार राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया।
जसमीत का कहना है कि उनकी सफलता का आधार नियमित 8–10 घंटे की पढ़ाई, अनुशासन और आत्मविश्वास रहा। पढ़ाई के साथ उन्हें बैडमिंटन खेलना पसंद है, जिससे मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती थी।
जसमीत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उनके पिता जसवंत सिंह पाहवा ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार को गर्व से भर दिया है।
जसमीत कौर की यह उपलब्धि न केवल ऊधम सिंह नगर बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।