हैदराबाद सिटी साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए ‘ऑपरेशन ऑक्टोपस 3.0’ के तहत देशभर में अभियान चलाया। इस दौरान 13 राज्यों में छापेमारी की गई, 554 घोस्ट सिम बरामद किए गए और 66 आरोपी गिरफ्तार हुए।

सिटी पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने बताया कि यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा और पंजाब में हुई। जांच में सामने आया कि गिरोह आम लोगों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक डेटा का दुरुपयोग कर अवैध सिम जारी करता था।
इन सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन ठगी, हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन और अन्य डिजिटल अपराधों में किया जाता था। आरोपी ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में कैंप लगाकर गरीब और अनपढ़ लोगों का डेटा इकट्ठा करते थे और बाद में इसे ई-सिम में बदलकर विदेश में बैठे अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।
साइबर क्राइम पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 76 साइबर मामलों में शामिल थे और कुल 101.87 करोड़ रुपये की ठगी में संलिप्त पाए गए।
पुलिस ने टेलीकॉम कंपनियों से कड़ी केवाईसी प्रक्रिया, रियल-टाइम वेरिफिकेशन और सिम एजेंटों की निगरानी बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले एजेंट ब्लैकलिस्ट किए जाएंगे और अपराध में इस्तेमाल होने वाले सिम तुरंत बंद किए जाएंगे।