देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केन्द्रीयित) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

4 अगस्त तक भर सकेंगे आवेदन फॉर्म
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 4 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसी तिथि तक आवेदन शुल्क भी जमा किया जा सकेगा।
यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है, तो उम्मीदवारों को 12 अगस्त से 21 अगस्त के बीच ऑनलाइन संशोधन (Correction Window) की सुविधा भी मिलेगी।
क्या है शैक्षणिक योग्यता?
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी का नाम उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय (Employment Exchange) में पंजीकृत होना जरूरी होगा।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
अभ्यर्थी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले आयोग द्वारा जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ना आवश्यक है, ताकि पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, आरक्षण, आवेदन शुल्क और अन्य नियमों की पूरी जानकारी प्राप्त हो सके।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।