देहरादून: उत्तराखंड की पांच युवा प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए श्रीलंका रवाना हो गई हैं। ये प्रतिभागी 19 से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली मिस टीन टूरिज्म और मिस टूरिज्म प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 26 जुलाई को आयोजित होगा, जिसमें 70 से अधिक देशों की प्रतिभागी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खिताबों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

उत्तराखंड की इन प्रतिभागियों का हुआ चयन
मिस टीन टूरिज्म इंडिया के लिए वृद्धि रौतेला, अनमोल कौर और तनिष्का शाह का चयन हुआ है। वहीं, मिस टूरिज्म इंडिया श्रेणी में शायरा बिश्नोई और मान्श्वी तोमर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मिस टीन उत्तराखंड से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
इन सभी प्रतिभागियों ने एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट द्वारा आयोजित मिस टीन उत्तराखंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी जगह बनाई है। अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर इन युवतियों ने भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल किया है।
वैश्विक मंच पर दिखेगी भारतीय संस्कृति की झलक
एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट की निदेशक ख्याति शर्मा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य उत्तराखंड और देश की प्रतिभाशाली युवतियों को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इसके लिए चयनित प्रतिभागियों को विशेष प्रशिक्षण, ग्रूमिंग और मार्गदर्शन दिया जाता है, ताकि वे वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर सकें।
उत्तराखंड की इन पांच बेटियों की इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी का माहौल है। राज्यवासियों को उम्मीद है कि ये युवा प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।