रामनगर: उत्तराखंड के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चली आ रही रामनगर-देहरादून सीधी ट्रेन सेवा की मांग आखिरकार पूरी हो गई। शनिवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे। उद्घाटन के अवसर पर रेलवे स्टेशन और ट्रेन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बनेगी मजबूत कड़ी
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून ट्रेन सेवा कुमाऊं और गढ़वाल के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगी। इससे दोनों मंडलों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल मुरादाबाद रेलखंड पर कार्य चल रहा है, इसलिए यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी। कार्य पूरा होने के बाद इसे प्रतिदिन चलाने का प्रयास किया जाएगा। रेल मंत्री ने इस दौरान उत्तराखंड में चल रही विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
CM धामी बोले- रेल नेटवर्क का लगातार हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई ट्रेन सेवा उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में रेलवे सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है और यात्री सुरक्षा, सुविधा, गति तथा क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सांसद अनिल बलूनी ने जताई खुशी
पौड़ी सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से पौड़ी, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है और नई रेल सेवाएं इसका महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस फिलहाल हर बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। मुरादाबाद रेलखंड पर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन के नियमित दैनिक संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।