Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। निर्मल नगर, शक्तिफार्म में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बैगुल नदी पर बनने वाले 150 मीटर लंबे RCC पुल का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर ₹11.40 करोड़ की लागत आएगी।

यह पुल राजनगर, निर्मल नगर और सिसौना को सीधे जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से स्थानीय जनता इस पुल के निर्माण की मांग कर रही थी, जिसे अब सरकार ने साकार कर दिया है।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने इस मौके पर कहा कि यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुल बनने से किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा, साथ ही औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल तक पहुंच आसान हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल का स्वागत किया और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
