रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार शाम चीरबासा के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में उत्तर प्रदेश के एटा निवासी पांच वर्षीय बच्चे यश की मौत हो गई। घटना के बाद पैदल मार्ग पर मलबा आने से कई यात्री फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने रातभर अभियान चलाया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम से चीरबासा के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। इस दौरान पत्थरों की चपेट में आने से एटा, उत्तर प्रदेश निवासी यश पुत्र रोहताश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम ने बच्चे को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया।
मलबे से पैदल मार्ग हुआ बाधित
पत्थर और मलबा गिरने के कारण चीरबासा क्षेत्र में केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग पर यात्रियों की मौजूदगी को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया और फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई की।
देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। इस दौरान यात्रियों को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया गया और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित निकाला
रातभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में अभियान संचालित किया।
हादसे के बाद प्रशासन की ओर से पैदल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की आवाजाही को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है।