ऋषिकेश: कृषि उत्पादन मंडी समिति ऋषिकेश में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पल्लेदार मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यक्ति से संपर्क कर उसे नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
मोबाइल टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान हरीश के रूप में बताई जा रही है। वह मंडी समिति में आढ़तियों के यहां पल्लेदारी का काम करता है। बताया गया कि हरीश अपने साथ मोबाइल फोन लेकर टावर पर चढ़ा है।

मांगों का अभी पता नहीं
मंडी समिति के सचिव एस. कालाकोटी के अनुसार, हरीश किन मांगों को लेकर टावर पर चढ़ा है, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी लगातार उससे बातचीत करने का प्रयास कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, हरीश के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। कभी वह फोन नहीं उठा रहा है, जबकि कई बार उसका नंबर व्यस्त मिल रहा है।
पुलिस और अधिकारी मौके पर
मोबाइल टावर मंडी कार्यालय के पास स्थित है। घटना के बाद मौके पर पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी मौजूद हैं। अधिकारी हरीश से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल उसके टावर पर चढ़ने के कारणों और मांगों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की प्राथमिकता उसे सुरक्षित नीचे उतारना है।