हल्द्वानी: एमबीपीजी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की मतगणना को देखते हुए हल्द्वानी में 29 सितंबर को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार, सुबह 6 बजे से मतगणना समाप्त होने तक शहर के कई मार्गों पर वाहनों के रूट में बदलाव रहेगा।

इस दौरान नैनीताल रोड पर छोटे-बड़े माल वाहनों सहित अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। चुनाव और मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इस तरह रहेगा डायवर्जन प्लान
-
नैनीताल रोड: छोटे-बड़े माल वाहन और अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करेंगे। इन्हें बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा।
-
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र: वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा पहुंचेंगे।
-
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्र: वाहन गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए आगे जाएंगे।
-
रामपुर रोड से कालाढूंगी रोड: वाहन पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए कालाढूंगी रोड की ओर जाएंगे।
-
पर्वतीय क्षेत्र से मैदानी क्षेत्र: वाहन नारिमन तिराहा से गौलापार रोड होते हुए आगे जाएंगे।
-
पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज/केएमयू बसें: नारिमन तिराहा से गौलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनि बाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज/केएमयू स्टेशन पहुंचेंगी।
-
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाली रोडवेज/केएमयू बसें: रोडवेज के पूर्वी गेट से ताज चौराहा, गौलापुल, गौलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाएंगी।
काठगोदाम से हल्द्वानी आने वाले वाहनों का रूट
काठगोदाम से हल्द्वानी आने वाले वाहन कालटैक्स/हाइडिल तिराहा से पनचक्की तिराहा, चंबल पुल, लालडांठ तिराहा/ऊंचापुल चौराहा होते हुए आगे जाएंगे।
वहीं, आवास विकास तिराहा से आने वाले वाहन ठंडी सड़क और तिकोनिया चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
हल्द्वानी से काठगोदाम जाने का रूट
हल्द्वानी से काठगोदाम जाने वाले वाहनों के लिए तिकोनिया चौराहा से कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पनचक्की चौराहा होते हुए काठगोदाम जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
इन स्थानों पर रहेगा जीरो जोन
पुलिस के अनुसार, निम्न स्थानों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा:
-
दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा तक।
-
कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तक।
-
कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक।
एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पार्किंग
चुनाव और मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के वाहनों की पार्किंग के लिए एमबी इंटर कॉलेज मैदान निर्धारित किया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 29 सितंबर को यात्रा के दौरान डायवर्जन प्लान को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।