अल्मोड़ा पुलिस ने फर्जी लोन मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें शिकायतकर्ता खुद भी शामिल पाया गया।

मामला 5 लाख रुपये के फर्जी लोन का है। शिकायतकर्ता, कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह नेगी, ने आरोप लगाया था कि ग्राम बग्वाली पोखर निवासी पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील सिंह कठायत और अल्मोड़ा के पूर्व ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह गैलाकोटी ने उसकी फर्म जय गोलू ट्रेडर्स के नाम का गलत इस्तेमाल कर बैंक से लोन लिया। आरोप है कि बैंक में फर्जी प्रमाणपत्र और कोटेशन जमा किए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शिकायतकर्ता दिनेश नेगी भी इस पूरे षड्यंत्र में शामिल था। इसके बाद 19 मई 2026 को तीनों को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले की विस्तार से जांच की और आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सलाखों के पीछे भेजा।