देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार साल पूरे होने पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और जन सरोकारों से जुड़े संगठनों ने राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। ‘अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच’ के बैनर तले विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने गांधी पार्क में दिवंगत अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गांधी पार्क से घंटाघर तक मानव श्रृंखला बनाकर मामले में कथित VIP की भूमिका और पहचान को सार्वजनिक करने सहित पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

कथित VIP को लेकर उठे सवाल
उत्तराखंड पूर्व सैनिक अर्धसैनिक संयुक्त संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश थपलियाल ने कहा कि चार साल बाद भी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग जारी है। उन्होंने कहा कि अंकिता ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और कथित तौर पर VIP को विशेष सेवाएं देने के लिए दबाव बनाए जाने की बात सामने आई थी।
उन्होंने मांग की कि मामले में VIP से जुड़े आरोपों की भी निष्पक्ष जांच हो और जांच के दौरान किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अंतिम संस्कार को लेकर भी उठाए सवाल
![]()
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने अंकिता भंडारी के अंतिम संस्कार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने अंतिम संस्कार के समय को लेकर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक परंपराओं के विपरीत बताया।
वक्ताओं ने कहा कि अंकिता के माता-पिता लंबे समय से मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने जांच की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष तरीके से जांच की जानी चाहिए।
अंकिता भंडारी हत्याकांड: न्याय को लेकर सड़कों पर लोग, ह्यूमन चेन बनाकर दी श्रद्धांजलि @DehradunPolice @dmdehradun @BJP4UK @INCUttarakhand
खबर के लिए क्लिक करें
https://t.co/oH2c5pGZqs https://t.co/5t9Dxh4PW4— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) September 18, 2026
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बहुल राज्य है और यहां परिवारों की सुरक्षा तथा महिलाओं की सुरक्षा महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में पारदर्शी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
वक्ताओं ने सरकार से अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर कथित VIP की भूमिका को स्पष्ट करने की मांग की।
महिला मंच ने भी उठाए सवाल
उत्तराखंड महिला मंच से जुड़ी निर्मला बिष्ट ने भी अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों के स्पष्ट जवाब अब भी सामने नहीं आए हैं। महिला मंच ने भी पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने और जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर समय-समय पर विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से प्रदर्शन और न्याय की मांग की जाती रही है। मामले में अदालत की कार्यवाही और जांच से जुड़े आधिकारिक तथ्यों के आधार पर ही आरोपों और दावों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।