Dehradun, Oct 27 (ANI): Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami addresses during the Inauguration of Public Awareness Program on ‘Vigilance – Our Shared Responsibility’ and Administers Oath of Integrity at the Secretariat, in Dehradun on Monday. (@ukcmo X/ANI Photo)
देहरादून: नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध हैं। नेपाल में आई आपदा की घटनाएं बेहद दुखद हैं और इस कठिन समय में पूरा भारत नेपाल के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में सामने आई आपदा की तस्वीरों और घटनाओं ने लोगों को भावुक किया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी ने दोनों देशों के बीच आपसी एकजुटता और मानवीय संबंधों को और मजबूत किया है।

पीएम मोदी ने नेपाल को हरसंभव मदद का भरोसा दिया
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से तत्काल बातचीत कर वहां की स्थिति की जानकारी ली और भारत की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भारत की ओर से टीमें भी भेजी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड की सीमा नेपाल से लगती है और दोनों क्षेत्रों के बीच लंबे समय से सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। उत्तराखंड के कई परिवारों के रिश्तेदार नेपाल में रहते हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने भी सहायता के लिए एक टीम नेपाल भेजी है।
उत्तराखंड की टीम 8 से 10 दिन नेपाल में रहेगी
मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तराखंड से भेजी गई टीम करीब 8 से 10 दिन तक नेपाल में रहकर वहां की स्थिति का जायजा लेगी। टीम के साथ तत्काल राहत कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि भी भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि टीम नेपाल में जमीनी स्थिति का आकलन करने के बाद अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर नेपाल को आगे किस तरह की सहायता की आवश्यकता है, इसका आकलन किया जाएगा और जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड नेपाल के साथ खड़ा है और आवश्यकता के अनुसार सहायता जारी रखी जाएगी।