Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी पेराई सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सार्वजनिक और सहकारी क्षेत्र की चीनी मिलों की स्थिति और व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया।

बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि गन्ना किसानों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चीनी मिलों के सुचारु संचालन, समय पर पेराई और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए।

साथ ही विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा गया कि जमीनी स्तर पर उनकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। गन्ना आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था और मिलों की तकनीकी तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और चीनी उद्योग को मजबूत बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को समय पर भुगतान और बेहतर सुविधाएं मिलें, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हो सके।