देहरादून: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इस बार राज्यभर में कुल 2,16,121 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए विभिन्न जिलों में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।


माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में 1,12,679 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,03,442 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा संचालन के लिए 50 एकल और 1,211 मिश्रित केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 24 नए परीक्षा केंद्र भी शामिल हैं।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, परीक्षा केंद्रों में से 156 को संवेदनशील और छह को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। हाईस्कूल स्तर पर 29 तथा इंटरमीडिएट स्तर पर 45 विषयों की लिखित परीक्षाएं कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाएं उप-संकलन केंद्रों पर जमा कराई जाएंगी।
परीक्षा कार्यक्रम के तहत 21 फरवरी को इंटरमीडिएट की ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा आयोजित होगी। 23 फरवरी को इंटरमीडिएट की हिंदुस्तानी संगीत और टंकण, 24 फरवरी को हाईस्कूल की हिंदी एवं इंटरमीडिएट की हिंदुस्तानी संगीत, जबकि 25 फरवरी को इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान और कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा होगी। बोर्ड परीक्षाएं 20 मार्च तक चलेंगी।
बोर्ड ने बताया कि हाईस्कूल की हिंदुस्तानी संगीत और व्यावसायिक ट्रेड की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। परिषद ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।