रुड़की, हरिद्वार। हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मेरठ के दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर झाल के पास तेज रफ्तार में जा रही ग्रे रंग की किया सेल्टोस (KIA Seltos) कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों की डूबने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि हादसे की मुख्य वजह ओवर स्पीड और मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खो जाना था।

पुलिस ने बताया कि 3 जनवरी की देर रात उन्हें सूचना मिली कि मोहम्मदपुर झाल के पास एक कार गंगनहर में गिर गई है। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और देखा कि कार पानी में डूबी हुई है। स्थानीय कर्मचारियों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
पानी के भीतर कार की तलाशी के दौरान दो युवक अचेत अवस्था में पाए गए। पुलिस ने उन्हें बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा (25 वर्ष) पुत्र राजकुमार शर्मा और पुनीत (25 वर्ष) पुत्र आशुतोष, निवासी कुराली थाना जानी, मेरठ के रूप में हुई।
हादसे के बाद कार को क्रेन की मदद से गंगनहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हादसे की सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।
पुलिस ने मृतकों के परिवार को घटना की जानकारी दी। दोनों युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। वाहन के पंजीकृत स्वामी विवेक शर्मा ने बताया कि युवक निजी काम से रुड़की आए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गंगनहर में जा गिरी। हादसे ने दोनों परिवारों में शोक की लहर फैला दी है।
— अमरजीत सिंह, मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक