डोईवाला (देहरादून)। देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र अंतर्गत लालतप्पड़ के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब लोहाघाट से देहरादून आ रही एक रोडवेज बस में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस इसकी चपेट में आ गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक की सतर्कता और समय पर कार्रवाई से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, बस में चालक समेत करीब 15 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस को तुरंत सड़क किनारे रोका गया और सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को अवगत कराया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
पूर्व उप ग्राम प्रधान माजरी ग्रांट रामचंद्र ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। अचानक बस में आग लगने से यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर आग की तीव्रता अधिक होने के कारण बस को नहीं बचाया जा सका।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिसंबर 2025 में देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के सेंट ज्यूड चौक पर एक निजी बस में भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी। उस समय बस में तमिलनाडु के करीब 40 छात्र सवार थे, जो ऑल इंडिया टूर पर निकले थे। इंजन से धुआं उठते ही चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।