हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी तहसील में सोमवार 29 दिसंबर को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अचानक औचक निरीक्षण ने तहसील प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान तहसील न्यायालय से संबंधित फाइलों का कार्य दो निजी युवकों द्वारा किया जा रहा था, जिसे जिलाधिकारी ने गंभीर लापरवाही माना और मौके पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

डीएम ने जताई नाराजगी:
जिलाधिकारी ने तहसीलदार से पूछा कि यदि ऐसी ही व्यवस्था जारी रही तो सिस्टम में सुधार कैसे होगा। उन्होंने एडीएम विवेक राय को मामले की गहन जांच के आदेश दिए और सख्त कार्रवाई का निर्देश जारी किया। डीएम ने कहा कि इसी प्रकार की अनियमितताओं के कारण फर्जी प्रमाण पत्र और अन्य गंभीर मामलों की संभावना बढ़ जाती है।
प्रशासन और जनता में हड़कंप:
औचक निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए कि क्या तहसील का काम अब निजी व्यक्तियों के भरोसे चल रहा है और क्या यही लोग सभी प्रमाण पत्र और भूमि संबंधित मामलों का निपटारा कर रहे हैं।
जांच और आगे की कार्रवाई:
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि निरीक्षण में कई खामियां सामने आई हैं। अपर जिलाधिकारी को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही गोपनीय विभाग में निजी व्यक्तियों की मौजूदगी के मामले में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।